लखनऊ, 16 जुलाई। सिटी मोन्टेसरी स्कूल, कानपुर रोड कैम्पस के चार मेधावी छात्रों ने इण्टरनेशनल बेन्चमार्क टेस्ट (आई.बी.टी.) के अन्तर्गत गणित, इंग्लिश एवं रीजनिंग विषय की प्रतियोगिताओं में 100 परसेन्टाइल के साथ विश्व में प्रथम रैंक अर्जित कर लखनऊ का गौरव बढ़ाया है। इन छात्रों में अभियांस नरायन एवं अपूर्वा चौधरी ने गणित विषय में, प्रतीक राज ने इंग्लिश विषय में जबकि उत्कर्ष कुमार सिंह ने रीजनिंग में 100 प्रतिशत अंक अर्जित किये हैं। सी.एम.एस. संस्थापक व प्रख्यात शिक्षाविद् डा जगदीश गाँधी ने इन मेधावी छात्रों को बधाई देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की एवं विद्यालय की प्रधानाचार्या व शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। यह प्रतियोगिता आस्ट्रेलियन काउन्सिल फॉर एजुकेशनल रिसर्च (ए.सी.ई.आर.) के तत्वावधान में अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित हुई, जिसमें कई देशों के छात्रों ने प्रतिभाग किया। इसके अलावा, देश भर के अनेक प्रतिष्ठित विद्यालयों के छात्रों ने प्रतिभाग कर अपने ज्ञान-विज्ञान व प्रतिभा का भरपूर प्रदर्शन किया तथापि इस विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में सी.एम.एस. कानपुर रोड कैम्पस के छात्रों ने विभिन्न विषयों में पूरे 100 प्रतिशत अंक अर्जित कर अपने मेधात्व का परचम लहराया है।

      आस्ट्रेलियन काउन्सिल फॉर एजुकेशनल रिसर्च (ए.सी.ई.आर.) अन्तर्राष्ट्रीय स्तर पर छात्रों की प्रतिभा का आकलन करता है एवं आई.बी.टी. टेस्ट किसी भी देश के पाठ्यक्रम के बजाय मूलतः छात्रों की प्रतिभा व कौशल पर आधारित होते हैं। सी.एम.एस. का लगातार यही प्रयास है कि विभिन्न रचनात्मक प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्रों की बहुमुखी प्रतिभा को निखारा एवं प्रोत्साहित किया जाए। यही कारण है कि सी.एम.एस. छात्र समय-समय पर विभिन्न राष्ट्रीय व अन्तर्राष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में कीर्तिमान स्थापित कर देश का नाम रोशन कर रहे हैं।

2022-07-16 13:19:03 https://www.wisdomindia.news/?p=3752

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *